कोरबा | एसईसीएल (SECL) की कुसमुंडा कोयला खदान में संचालित निजी ठेका कंपनी ‘नीलकंठ’ में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन की मरम्मत के दौरान हुए इस हादसे में एक ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब नीलकंठ कंपनी के कर्मचारी मशीन की रिपेयरिंग कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि काम के दौरान मशीन का सिलेंडर अचानक ब्लास्ट हो गया। वहीं पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, रिपेयरिंग के दौरान पिस्टन तेजी से बाहर निकला और सीधे ऑपरेटर संजय देवांगन के सीने में जा धंसा, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई।
मृतक की पहचान संजय देवांगन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बलरामपुर जिले का निवासी था। संजय पिछले तीन वर्षों से कंपनी में ऑपरेटर के पद पर तैनात था। परिजनों ने बताया कि संजय अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था और परिवार का मुख्य सहारा था।
हादसे के बाद सहकर्मियों और परिजनों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि संजय ऑपरेटर था, लेकिन कंपनी प्रबंधन द्वारा उससे छुट्टी के दिन भी मिस्त्री (मैकेनिक) का काम कराया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है। सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
